डीएसटीपीएस में प्रशासनिक एवं तकनीकी शब्द लेखऩ प्रतियोगिता का आयोजन

डीएसटीपीएस में प्रशासनिक एवं तकनीकी शब्द लेखऩ प्रतियोगिता का आयोजन

अंडाल : राजभाषा हिंदी के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों में रुचि, जागरूकता तथा व्यवहारिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दामोदर घाटी निगम, दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केंद्र में राजभाषा कार्यान्वयन उप समिति के तत्वावधान में प्रशासनिक एवं तकनीकी शब्द लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन 03 सितंबर, 2026 को डीएसटीपीएस के प्रशिक्षण कक्ष में किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन हिंदी अधिकारी मु. इस्माईल मियाँ के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में डीएसटीपीएस के वरिष्ठ प्रबंधक (वि.) श्री विवेक कुमार सिन्हा, सतर्कता तथा प्रबंधक (यां.) श्री आशीष सैनी, राख प्रहस्तन संयंत्र की निगरानी में सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के दौरान कनि. अभियंता श्री शुभाशीष गुप्ता एवं हिंदी सहायक श्री अशोक कुमार कपूर ने वीक्षक के रूप में अपना योगदान दिया।प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को प्रशासनिक एवं तकनीकी क्षेत्र में प्रचलित शब्दों के हिंदी रूप लिखने का अवसर दिया गया। इसका उद्देश्य दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी शब्दावली के प्रयोग को सहज बनाना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी एवं प्रशासनिक हिंदी से परिचित कराना रहा। प्रतियोगिता की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि हिंदी भाषी एवं हिंदीतर भाषी प्रतिभागियों का मूल्यांकन अलग-अलग वर्गों में किया गया। इस व्यवस्था से प्रतिभागियों को अपनी भाषायी पृष्ठभूमि के अनुरूप समान एवं निष्पक्ष अवसर प्राप्त हुआ तथा हिंदी के प्रति स्वस्थ प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण का निर्माण हुआ।प्रतियोगिता में श्रीमती रीना यादव, मो. नसीम जावेद, श्री पिंटू कुमार महतो, फिरोज आलम अंसारी, श्री आलोक प्रकाश, श्री राजेश कुमार, श्री नवीं कुमार पोद्दार, श्री अनुराग कुमार, श्री हरि शंकर कुमार हरि, श्री आकाश दीप, मो. कासिफ रिज़वी, मो. शमीम अहमद, श्री पतरस हाँसदा, श्री प्रदीप कुमार, श्रीमती सोमा दास, श्री सुभाशीश दास, श्रीमती रुनु सरकार, श्री विप्लव घोष, श्री सत्यजित बाग, श्री झारेश्वर कुमार, श्री बिमल कुमार माजी, श्रीमती सयानी भौमिक, श्रीमती सतरूपा मुखर्जी, श्री रणवीर रूद्र, श्री मलय मंडल सहित डीएसटीपीएस के अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता के आयोजन से यह संदेश भी प्रसारित हुआ कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी प्रयोग केवल भाषायी दायित्व नहीं, बल्कि कार्यालयीन कार्यों को अधिक सहज, सुगम और जनोन्मुख बनाने का माध्यम भी है।राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए 07 सितंबर, 2026 को अपराह्न 03:00 बजे डीएसटीपीएस के प्रशिक्षण कक्ष में “हिंदी कंप्यूटर टंकण प्रतियोगिता” का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का मूल्यांकन हिंदी भाषी एवं हिंदीतर भाषी प्रतिभागियों के लिए संयुक्त रूप से किया जाएगा।दामोदर घाटी निगम राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए निरंतर प्रयासरत है। डीएसटीपीएस में आयोजित की जा रही ये प्रतियोगिताएँ इसी दिशा में एक सार्थक पहल हैं, जो अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ “हिंदी बोलें, हिंदी लिखें और हिंदी पढ़ें” के संदेश को व्यवहार में उतारने का अवसर प्रदान करती हैं।


Click Here to Visit

What's Your Reaction?

like
0
dislike
0
love
0
funny
0
angry
0
sad
0
wow
0